Tuesday, 18 August 2026

 

“मैं गर्व से कहता हूँ कि मैं दिमागी नक्सल हूँ”

एक रिपोर्ट के अनुसार 1970s से लेकर 2014 तक लगभग 92000 लोगों को अलग-अलग प्रकार के आतंकवाद के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी थी.

एक ओर यह समस्या इतनी डरावनी थी तो दूसरी ओर, 2014 से पहले भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कभी भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं की थी. यहाँ तक कि जब मुंबई में पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने हमला किया था तब भी भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई ऐक्शन न लिया था, उल्टा आतंकवादियों को दोष से बचाने के लिए हिंदू-आतंकवाद का झूठा नरेटिव चलाया गया था.

नक्सलवादियों के सामने तो सरकार ने लगभग घुटने ही टेक दिए थे. परिणाम 2014 तक 10 राज्यों के 126 ज़िले नक्सल आतंकवाद कि चपेट में आ गए थे. इन आतंकवादियों के समर्थक अर्बन नक्सल कई संस्थाओं में स्थापित हो गए थे.

एक साधारण आदमी के लिए यह समझना कठिन था कि सरकार इन आतंकवादियों के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही क्यों नहीं कर रही थी.

आज इस प्रश्न का उत्तर एक कांग्रेसी ने स्वयं दिया है. उसका ब्यान आया है, “मैं गर्व से कहता हूँ कि मैं दिमागी नक्सल हूँ.”

वैसे अपनी समझ से वह नेता अपने को प्रतिष्ठा का एक मैडल दे रहे हैं, पर उनके कथन से कई बातें स्पष्ट हो जाती हैं.

2014 के बाद, अचानक कुछ बुद्धिजीवी अपने अवार्ड लौटाने लगते हैं.

दिल्ली में एक यूनिवर्सिटी में बार-बार नारे लगते हैं:

अफज़ल हम शर्मिंदा हैं.....

भारत तेरे टुकड़े होंगे....

हम क्या चाहते आज़ादी...

सीएए विरोध में कुछ नेताओं के सामने आज़ादी का नारे लगते हैं, प्रधान मंत्री की मृत्यु की कामना की जाती है, यह सब क्या ऐसे ही होने लगा था? या यह एक रणनीति के अनुसार हो रहा था? क्या सत्ता में बैठे लोगों की अनुमति के बिना यह सब हो सकता था?

कश्मीर फाइल्स का डायलॉग कि ‘सरकार किसी की भी हो, सिस्टम तो हमारा है’, एक डरावना सच है जिसकी पुष्टि वह सब लोग आज कर रहे हैं जो (गर्व से) कह रहे हैं कि वह दिमागी नक्सल हैं.

देश-विरोध में हज़ारों लोग एकजुट हैं इसका थोड़ा-बहुत आभास तो आम लोगों को पहले ही था. पर अब यह लोग सामने आकर चुनौती दे रहे हैं. यह एक खतरे की घंटी है.

हमें यह भी समझना होगी कि अगर दस आदमी अपनी सच्चाई बता रहे हैं तो शायद सिस्टम में बैठे दस आदमी अभी भी अपनी सच्ची छिपा रहे होंगे.

अब सरकार क्या कार्यवाही करती है, वह महत्वपूर्ण है. पर उससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि वोटरों की प्रतिक्रिया क्या होगी? अब बॉल वोटरों के पाले में है.

निकट भविष्य में आने वाले चुनाव तय करेंगे कि भारत सुरक्षित रहेगा या नहीं. वोटर ही अपनी समझ से (या नासमझी से) अपनी नियति तय करेंगे.     

Thursday, 13 August 2026

 

संसद में हंगामा

कोई भी चालाक सरकार यह नहीं चाहेगी कि संसद की कार्यवाही हर समय नियमों के अनुसार, शांतिपूर्ण ढंग से चले.

जब संसद में हंगामा होता है तो कई बार इस हंगामे के बीच सरकार, बिना किसी चर्चा के, आवश्यक बिल पास करवा लेती है. ऐसा इस बार भी हुआ. अगर चर्चा होती तो विपक्ष प्रस्तावित कानूनों की खामियां लोगों के सामने ला सकता था. प्रस्तावों में सुधार लाने को सुझाव दे सकता था. सरकार का अगर कोई अप्रत्यक्ष एजेंडा है तो विपक्ष उस एजेंडा को उजागर कर सकता था, लोगों को सतर्क कर सकता था.

हंगामे के कारण, सरकार अकसर जवाबदेही से पूरी तरह बच जाती है. अगर संसद सुचारू रूप से चले तो विपक्ष सरकार की नीतियों की, कार्यशैली की, निर्णयों को, अनिर्णयों की आलोचना कर सकता है, सरकार के विफलताओं को लोगों के सामने ला सकता है.

इसलिए संसद में विपक्ष के हंगामे से सरकार कभी परेशान नहीं होती. इस बार भी नहीं हुई.

प्रश्न उठता है कि विपक्ष संसद की कार्यवाही को क्यों बाधित करता है?

इसके कई कारण हैं.

प्रतीत होता है कि विपक्ष को लोगों की समस्याओं से अब अधिक सरोकार नहीं है. मंगाई हो या बेराज़गारी, भीतरी सुरक्षा हो या बाहरी, युवाओं के मुद्दे हों या महिलाओं के, किसानों की समस्याएं हों या कामगारों की, विपक्ष इन सब मुद्दों से अब कट चुका है. सिर्फ दिखावे के लिए मुद्दे उठाए जाते हैं और दो-चार दिन बाद भुला दिया जाता है.

अगर आप ने संसद की कार्यवाही देखी है तो आप ने ज़रूर देखा होगा कि गंभीर मुद्दों पर चर्चा के समय भी सौ से अधिक सदस्य लोकसभा में दिखाई नहीं देते. राज्य सभा में यह संख्या पचास-साठ ही होती है.

एक मुद्दे पर सार्थक चर्चा करना के लिए बहुत मेहनत करने की ज़रूरत होती है, ऐसी मेहनत करना हर किसी के लिए संभव नहीं है. हंगामा तो कोई भी कर सकता है.

और आश्चर्य है कि सरकार की चाल में फंस कर विपक्ष संसद की कार्यवाही को बाधित करता है और इसे अपनी जीत मानता है. विपक्ष के नेताओं को समझ ही नहीं आता कि सरकार की लगाम कसने का मौका उन्होंने फिर एक बार खो दिया है.

 

 

 

 

Sunday, 9 August 2026

 

हर दिन पांच सौ लोगों की मौत

मैं एक एनजीओ के साथ जुड़ा हूँ. हम सब कुछ बच्चों को अलग-अलग पार्कों में पढ़ाते हैं. सात दिन पहले एक दुखद समाचार मिला कि सेक्टर 2 की पाठशाला के एक लड़के का, जो बारहवीं कक्षा में पढ़ता था, एक सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया था. दो बहनें का वह अकेला भाई था. स्वाभाविक है कि माँ-बाप पर दुखों का पहाड़ आ गिरा था.

वह और उसका दोस्त, सुबह-सुबह स्कूटर पर, बिना हेलमेट पहने, निकल गए थे. एक जगह दुर्घटना हो गई. एक लड़के की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया.

इस देश में यह एक बहुत ही मामूली घटना थी. इसे लेकर न कोई चर्चा हुई, न कोई विरोध प्रदर्शन.

एक साल पहले कश्मीर में 28 लोगों की आतंकवादियों ने नृशंस हत्या कर दी थी. इस दुखद और अमानवीय घटना ने सारे देश को हिला कर रख दिया था. हम सब ने देखा था कि किस प्रकार प्रतिक्रिया हुई थी. सरकार ने भी कठोर कार्यवाही की थी.

कश्मीर की घटना की तुलना सड़क दुर्घटनाओं से बिलकुल नहीं की जा सकती, पर फिर भी मैं आप लोगों से पूछना चाहता हूँ कि क्या आपको पता है कि कितने लोग हर दिन सड़क दुर्घटनाओं में मारे जाते हैं?

सरकार की पिछली रिपोर्ट के अनुसार 2025 में हर दिन 502 लोग सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए. पता नहीं कि इस रिपोर्ट में यह सत्य उजागर हुआ है या नहीं, पर हम सब जानते हैं कि सड़कों पर अधिकांश दुर्घटनाएं वाहन चालकों की गलती के कारण होती हैं. अर्थात हम वाहन-चालक ही अधिकांश मौतों के लिए ज़िम्मेवार हैं.

यह एक भयभीत करने वाली स्थिति है. पर समाज में इस गंभीर समस्या को लेकर न कोई चर्चा होती है, न समाज इस को लेकर चिंतित है और न ही कहीं कोई आक्रोश दिखाई देता है.

सड़क दुर्घटनाओं को लेकर समाज में इतनी उदासीनता क्यों है? लोगों में इतनी बेपरवाही क्यों है?

आतंकवाद की घटना को लेकर हमारा आक्रोश वाजिब है. सरकार को उत्तरदायी ठहराना भी उचित है. इस प्रतिक्रिया का परिणाम भी देखने के मिलता है.

लेकिन हर दिन सड़कों पर हो रही 500 मौतों के लिए हम कोई प्रतिक्रिया नहीं देते. हम बिलकुल बेपरवाह रहते हैं. कारण? अगर हम प्रतिक्रिया दें तो हमें स्वीकार करना पड़ेगा कि अधिकांश घटनाओं के लिए हम स्वयं ही दोषी हैं.

लेकिन हम तो अपने को दोषी मानते ही नहीं. इस झूठ को सच मान कर हम मज़े से सड़कों पर, आतंकियों की तरह, गाड़ियां दौड़ाते रहते हैं.

हमारी चुप्पी इस सत्य को झुठला नहीं सकती कि वाहन चलाते समय जो लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते वह सब इन घटनाओं के लिए और अधिकांश मौतों के लिए पूरी तरह ज़िम्मेवार हैं. अगर कोई ट्रैफिक लाइट की अनदेखी करता है या गलत साइड पर या तेज़ गति से गाड़ी चलाता है या अन्य नियमों का उल्लंघन करता है, तो वह स्वयं को निर्दोष कैसे मान सकता है?

हम लोग तो रास्ते पर किसी वाहन को टक्कर मार कर यह देखने के लिए रुकते भी नहीं कि किसी को चोट तो नहीं लगी है.  ऐसे आगे बढ़ जाते हैं कि जैसे किसी मनुष्य को नहीं, किसी कीड़े को मारा हो.

हमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए अगर दो-चार सालों में ही सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़ कर एक हज़ार हो जाए.

हम तब भी इतने ही उदासीन और बेपरवाह होंगे.

हम इस स्थिति को एक दिन में ही बदल सकते हैं, बस हर एक को निश्चय करना होगा कि सड़क पर वह सभ्य लोगों की तरह गाड़ी चलाएगा, आतंकियों की तरह नहीं.

Saturday, 26 February 2022

 

अकेलो जाय रे

वाजिद के कुछ अमूल्य वचन फिर सांझा कर रहा हूँ.

टेढ़ी पगड़ी बाँध झरोखा झांकते

तांता तुरग पिलाण चहूँटे डाकते

लारे चढ़ती फौज नगारे बाजते

वाजिद ये नर गए विलाय सिंह ज्यूँ गाजते.

दो-दो दीपक जोए सु मंदिर पोढ़ते

नारी सेती नेह पलक नहीं छोड़ते

तेल फुलेल लगाय क काया चाम की

हरि हाँ, वाजिद मर्द गर्द मिल गये दुहाई राम की.

सिर पर लंबा केस चले गज चाल सी

हाथ गह्यां समसेर ढलकती ढाल सी

एता यह अभिमान कहाँ ठहराहिंगे

हरि हाँ, वाजिद ज्यूँ तीतर कू बाज़ झपट ले जाहिंगे.

कारीगर करतार क हूंदर हद किया

दस दरवाज़ा राख शहर पैदा किया

नखसिख महल बनायक दीपक जोड़िया

हरि हाँ वाजिद, भीतर भरी भंगार क ऊपर रंग दिया.

काल फिरत है हाल रैणदिन लोई रे

हणै राव अरु रंक गिने नहिं कोई रे

यह दुनिया वाजिद बाट की दूब है

हरि हाँ, पाणी पहिले पाल बंधे तो खूब है.

सुकिरत लीनो साथ पड़ी रहे मातरा

लांबा पाँव पसार बिछाया सांथरा

लेय चल्या बनवास लगाईं लाय रे

हरि हाँ, वाजिद देखे सब परिवार अकेलो जाय रे

भूखो दुर्बल देखि नाहिं मुहं मोड़िये

जो हरि सारी देय तो आधी तोड़िये

दे आधी की आध अरध का कौर रे

हरि हाँ, वाजिद अन्न सरीखा पुण्य नहिं कोई और रे.

वाजिद कह रहे हैं कि इस संसार में ऐसे भी अभिमानी लोग आये जो सिंहों के सामान गरजते थे और हाथियों के समान जिनकी चाल थी. पर राम जी की कृपा से सब एक दिन मिट्टी में मिल गए. चाहे राजा हो या रंक, काल के लिए सब बराबर हैं. और जब अंत आएगा तो अकेले ही जाना होगा. लेकिन कर्म साथ रहेंगे.

  

Saturday, 12 February 2022

 

हिजाब आंदोलन-असली मुद्दा

हिजाब को लेकर शुरू हुआ आंदोलन एक जगह से दूसरी जगह फ़ैल रहा है. मेन स्ट्रीम मीडिया और सोशल मीडिया दोनों जगह इस पर खूब चर्चा हो रही है. बड़ी-बड़ी बातें कही जा रही हैं और कई प्रकार के तर्क दिए जा रहे हैं. लेकिन यह सब बातें और तर्क लोगों को भ्रमित करने के लिए ही हैं. आंदोलन करने वाले और उनका समर्थन करने वाले बुद्धिजीवी या पत्रकार या नेता असली मुद्दे की ओर संकेत भी नहीं कर रहे.

असली मुद्दा क्या है? मेरी समझ में जो लोग यह आंदोलन कर रहे हैं और जो पत्रकार, नेता, बुद्धिजीवी इस आंदोलन के समर्थन में खड़े हो गए हैं उन सब का मानना है कि पवित्र कुरान और हदीस भारत के संविधान के ऊपर हैं. सीधे-सीधे कहा जाए तो उनकी मांग का अर्थ है कि संविधान और संविधान के अंतर्गत बनाए क़ानून और नियमों के अनुसार चलती संस्थाओं को अपने नियम-कानून बदलने होंगे अगर वह नियम-कानून, उनकी दृष्टि में, पवित्र कुरान और हदीस के विपरीत हैं.

ऐसी बात किसी भी हिजाब आंदोलन समर्थक ने स्पष्ट रूप से नहीं कही है और ऐसा उन लोगों ने सोच समझ कर किया है. यह लोग दिखलाना चाहते हैं कि वह सब संविधान का सम्मान करते हैं.

लेकिन जब यह लोग मांग करते हैं कि संस्थाओं को अपने नियम बदलने होंगे ताकि जो हिदायतें उन लोगों को पवित्र कुरान और हदीस से मिली हैं, उन हिदायतों का पालन वह उन संस्थाओं में रहते हुए भी कर पायें तो इसका तात्पर्य  यही है कि कानून और विभिन्न संस्थाओं के नियम दूसरे दर्जे पर आते हैं.

अगर ऐसा नहीं है तो जो नियम-कानून संवैधानिक हैं और जिन्हें किसी कोर्ट ने अभी तक असंवैधानिक घोषित नहीं किया है, उनका पालन करने में किसी को क्या कठिनाई हो सकती है?

आज नहीं तो कल इस मुद्दे को किसी न किसी प्रकार में सुलझा लिया जाएगा. लेकिन विचार करने की बात यह भी है कि हिजाब की हिदायत के अतिरिक्त क्या और भी हिदायतें हैं जो एक सच्चे मुसलमान के लिए धर्म-संकट खड़ा करती हैं?


Thursday, 10 February 2022

 

सीएए पार्ट 2

सरकार ने एक कानून बनाया था जिस के अंतर्गत पाकिस्तान वगैरह से आये हिन्दुओं, सिखों  वगैरह को भारत की नागरिकता दी जा सकती है. यह वह लोग हैं जो अपने देशों में अल्प-संख्यक थे और जो धार्मिक उत्पीड़न के कारण उन देशों से भाग  कर भारत आये हैं. इस कानून को मुस्लिम विरोधी बता कर एक आंदोलन शुरू हुआ. इसके समर्थन में लेफ्ट लिबरल लोग और कई राजनीतिक पार्टियाँ खुल कर सामने आईं. किस प्रकार के नारे लगे और किस प्रकार लोगों को भड़काया गया वह सब ने देखा.

अब हिजाब को लेकर एक आंदोलन शुरू हो गया जो एक नगर से शुरू हो कर कई नगरों में फ़ैल रहा है. हिजाब पहनने की हिदायत नई नहीं है, पर अपनी मर्ज़ी से हिजाब पहनने का मुद्दा २०२२ में बना. ऐसे में परदे के पीछे छिपे लोगों की नियत पर संदेह होना अनिवार्य है.

क्या इस आंदोलन  को सीएए पार्ट 2 आंदोलन नहीं कहा जा सकता?

इस बार भी, जैसा पिछली बार हुआ था, लेफ्ट-लिबरल लोग और राजनेता और देश-विदेश के बुद्धिजीवी इस आंदोलन में कूद पड़ेंगे.

आज नहीं तो कल यह आंदोलन समाप्त हो जाएगा. पर क्या अब इस बात की पूरी संभावना नहीं है कि निकट भविष्य में सीएए पार्ट 3, फिर सीएए पार्ट 4 भी हो? ऐसे आंदोलन शुरू करने के लिए क्या मुद्दों की कोई कमी है इस देश में?

 

 

 

 

 

 

Thursday, 27 January 2022

 

वाजिद वाणी

वाजिद के विषय में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है. शायद वह राजपुताना के रहने वाले एक गरीब पठान थे. ऐसी मान्यता है कि वाजिद एक बार शिकार करने गये. एक हिरणी का पीछा कर रहे थे. हिरणी अचानक उछली. पल भर के लिए जब वह हवा में थी उसका सौन्दर्य देख कर वाजिद चकित हो गये. भीतर कुछ हुआ. फिर घर न लौट पाए. ईश्वर की खोज में घूमते रहे. संत दादू दयाल (१५४४-१६०३) के शिष्य भी बने.

वाजिद के वचन अनमोल है. वह किसी पढ़े-लिखे पंडित या ज्ञानी के शब्द नहीं हैं, पर हर शब्द एक बहुमूल्य मोती है. उनके कुछ वचन सांझा कर रहा हूँ.

अरध नाम पाषाण तिरे नर लोई रे,

तेरा नाम कह्यो कलि माहिं न बुड़े कोई रे.

कर्म सुक्रति इकवार विले हो जाहिंगे,

हरि हाँ वाजिद, हस्ती के असवार न कूकर खाहिंगे.

राम नाम की लूट फवी है जीव कूँ,

निसवासर वाजिद सुमरता पीव कूँ.

यही बात परसिध कहत सब गाँव रे,

हरि हाँ वाजिद, अधम अजामेल तिरयो नारायण नांव रे.

कहिये जाय सलाम हमारी राम कूँ,

नेण रहे झड़ लाये तुम्हारे नाम कूँ.

कमल गया कुमलाय कल्यां भी जायसी,

हरि हाँ वाजिद, इस बाड़ी में बहुरि भँवरा ना आयसी.

चटक चाँदनी रात बिछाया ढोलिया

भर भादव की रैण पपीहा बोलिया.

कोयल सबद सुनाय रामरस लेत है,

हरि हाँ वाजिद, दाज्यो ऊपर लूण पपीहा देत है.

रैण सवाई वार पपीहा रटत है,

ज्यूँ ज्यूँ सुणिऐ कान करेजा फटत है.

खान पान वाजिद सुहात न जीव रे,

हरि हाँ, फूल भये सम सूल बिनावा पीव रे.

पंछी एक संदेसा कहो उस पीव सूँ,

विरहनि है बेहाल जायगी जीव सूँ.

सींचनहार सुदूर सूक भई लाकरी,

हरि हाँ वाजिद, घर में ही बन कियो बियोगिन बापरी.

बालम बस्यो बिदेस भयावह भौन है, 

सौवे पाँव पसार जू ऐसी कौन है.

अति है कठिन यह रैण बीतती जीव कूँ,

हरि हाँ वाजिद, कोई चतुर सुजान कहै जाय पीव कूँ.

वाजिद के यह अमूल्य शब्द उस भक्त की पीड़ा को व्यक्त कर रहे हैं जो अपने प्रभु को पाने किये तड़प रहा है. पपीहे के बोल भी उसके मन में चुभते हैं. राम नाम की लूट मची है, पर वह अभी भी उनके दर्शन से वंचित है. अब किसी बात में उसका मन नहीं लगता. वह सूख कर लकड़ी हुआ जा रहा है. वन में रह रहे वियोगी समान वह घर में वियोगी की तरह जी रहा है. हर पल अपने प्रियतम को पुकार रहा. हरि दर्शन के बिना जीना कठिन होता जा रहा है. उसकी यही आस है कि कोई सुजान (अर्थात वह सद्गुरु जिसने हरि के दर्शन कर लिये हैं) उसकी पुकार को उसके प्रियतम तक पहुँचा दे.

********

Wednesday, 26 January 2022

 

राष्ट्रीय  समर स्मारक

“यह जो राष्ट्रीय समर स्मारक बनाया गया है इस को लेकर कई लोग परेशान हैं. पर मुझे तो किसी महानुभाव का तर्क समझ नहीं आया. यह सब क्या है?” मुकन्दी लाल जी ने पूछा.

“किस को परेशानी है? उन्हीं लोगों को परेशानी है जिन्हें यह स्मारक बासठ या पैंसठ की लड़ाई के बाद ही बना देना चाहिए था. उन्होंने तो इकहत्तर के बाद भी नहीं बनाया. अब अपनी विफलता छिपाने का इससे बेहतर उपाय क्या हो सकता है कि जो कुछ हो रहा है उसे पर संदेह करो, प्रश्न चिन्ह लगाओ. .”

“आश्चर्य है, हमारे नेता लोग अपने लिए तो गली-गली में स्मारक खड़े कर देते हैं, जहाँ देखो किसी न किसी नेता की मूर्ति दिखाई दे जायेगी. कहीं किसी नेता के सम्मान में कोई स्टेडियम तो कहीं कोई अस्पताल है. किसी के नाम पर यूनिवर्सिटी, किसी के नाम पर कोई संस्थान,” मुकन्दी लाल बोले.

“श्रीमान, हमारे नेता तो अपने आप को भारत रत्न दे देते हैं.’

“सच में? मुझे इस बात का पता न था,” मुकन्दी लाल जी आश्चर्यचकित थे.

“ पर यही सच है.”

“लगता है सेना का सम्मान करने में थोड़ी हिचक थी. नहीं?” मुकन्दी लाल ने कहा.

“शायद. आपको पता है, बाहर किसी देश में सेना का अपमान कर कोई व्यक्ति राजनीति में नहीं टिक सकता, एक दिन भी नहीं. क्या कोई अमरीकी या अँगरेज़ राजनेता अपने सेना अध्यक्ष को सड़क का गुंडा कहने का साहस कर सकता है?”

“अरे, वहाँ तो ऐसी बात कहने की कोई कल्पना भी नहीं कर सकता.”

“पर हमारे नेता कर सकते हैं.”

“मुझे लगता है, इसे मुद्दा न बनाते और चुप रहते तो बेहतर होता. नहीं?” मुकन्दी लाल ने कहा.

“श्रीमान, कुछ कहने के लिए जितनी समझ चाहिए उससे अधिक समझ चाहिए चुप रहने के लिए.”

मेरी बात सुन कर मुकन्दी लाल खिलखिला कर हँस पड़े.

Sunday, 23 January 2022

 

सहजो वाणी-2

सहजो बाई के कुछ और वचन सांझा कर रहा हूँ

प्रेम दिवाने जे भये, पलटी गयो सब रूप

सहजो दृष्टि न आवाई, कहा रंक कहा भूप.

(जब व्यक्ति ईश्वर के प्रेम में डूब जाता है, फिर उसके लिये सब भेद मिट जाते, राजा और रंक एक समान दिखते हैं)

प्रेम दिवाने जे भये, जाति वरण गए छूट

सहजो जग बौरा कहे, लोग गए सब फूट.

(ईश्वर के प्रेम में व्यक्ति को जाति वर्ण का कोई भेद नहीं रहता, पर लोग उसे पागल समझने लगते हैं और उससे नाता तोड़ लेते हैं)

प्रेम दिवाने जे भये, सहजो डिगमिग देह

पाँव पड़े कित के किती, हरि संभाल तब लेह.

(ईश्वर प्रेम में लीन भक्त को तो अपनी देह का भी ध्यान नहीं रहता, उसे तो बस ईश्वर ही संभालते हैं)

मन में तो आनंद रहे, तन बौरा सब अंग

ना काहू के संग है, सहजो न कोई संग.

( ईश्वर-भक्त को परम आनन्द प्राप्त हो जाता है फिर न कोई साथ रहता और न किसी का साथ उसे अनिवार्य लगता है)

इन वचनों का सार यही कि जो व्यक्ति ईश्वर प्रेम में लीन है वह संसार में रहते हुए भी संसार से अलग हो जाता. लोग उसे पागल समझ सकते हैं, पर उसे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि अब उसे किसी के संग की आवश्यकता ही नहीं रह जाती.

*************

Saturday, 22 January 2022

 

सहजो वाणी

हमारे देश में मीरा बाई से लगभग सभी लोग परिचित हैं. उनके कुछ भजनों को तो शिक्षा संस्थानों ने पाठ्य क्रम में भी स्थान दिया है. परन्तु राजपुताना की और संत थीं जिनके विषय बहुत कम लोग जानते हैं. अधिकाँश ने उनका नाम भी नहीं सुना होगा. वह हैं सहजो बाई. वह संत चरण दास जी की शिष्या थीं. उनके व्यक्तिगत जीवन के बारे लगभग कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है, परन्तु सहजो बाई का एक-एक वचन अनमोल मोतियों के समान है.

उनके कुछ वचन (जो मैंने  कुछ  वर्ष पहले आचार्य रजनीश की पुस्तक में पढ़े थे) यहाँ सांझा कर रहा हूँ.

सहजो सुपने एक पल, बीते बरस पच्चास

आँख खुले सब झूठ है, ऐसे ही घटबास.

(एक पल के सपने में हम कितना समय बिता देते हैं, पर आँख खुलते ही अहसास होता है कि सब काल्पनिक था. संसार भी एक सपना जो हम खुली आँख से देख रहे हैं) 

जगत तरैया भोर की, सहजो ठहरत नाहिं

जैसे मोती ओस की, पानी अंजुली माहीं.

(संसार में सब कुछ क्षणिक है, जैसे भोर का तारा जो अभी दिखता और अभी लुप्त हो जाता या अंजुली में पानी या फूल पर चमकती ओस की बूंद,)

धुआं को सो गढ़ बन्यो, मन में राज संजोये

झाई माई सहजिया कबहू सांच न होये

(धूआँ के बादल उठते है तो उसमें कई प्रकार की आकृतियाँ हम देख लेते हैं जो वास्तव में हमारे मन ने बनाई होती है. संसार भी इसी तरह मन का खेल है)

निरगुन सरगुन एक प्रभु, देख्यो समझ विचार

सद्गुरु ने आँखे दयीं, निसचै कियो निहार.

(प्रभु सर्व गुण भी हैं और सर्व गुणों से परे भी हैं, सद्गुरु ने मार्ग दर्शन किया तो ही समझ विचार कर निश्चयपूर्वक यह सत्य जाना)

सहजो हरी बहुरंग है, वही प्रगट वही गूप

जल पाल में भेद नहीं, ज्यों सूरज अरु धूप

(ईश्वर के अनेक रूप हैं, इन भेदों में उलझने के बजाय इस सत्य को समझो)

चरण दास गुरु की दया, गयो सकल संदेह

छूटे वाद-विवाद सब,  भयी  सहज गति तेह.

(सद्गुरु की अनुकंपा से संदेह मिटेंगे. जब तक संदेह हैं तब तक वाद-विवाद है और जीवन में असहजता है)

सहजो बाई इस बात की ओर संकेत कर रही हैं कि हम उन्हीं आँखों से सत्य या ईश्वर को जानने का प्रयास करते हैं जिन आँखों से हम संसार को देखते और परखते हैं. इसलिए वाद-विवाद हैं और भेद हैं.

जब सद्गुरु ने मार्गदर्शन किया तो समझ आया कि सब भेद और विवाद हमारे ही बनाये हैं. जिस सत्य को उन्होंने गुरु की कृपा से निश्चय पूर्वक समझा वह कोई अंध विश्वास नहीं था.

इन अनमोल वचनों पर विवेचना करने लगें तो कई पन्ने लिखे जा सकते है. परन्तु विवेचना से बेहतर है इन्हें आत्मसात करना.